चंडीगढ़, 21 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकवादी हमले में शहीद पांच जवानों में से चार के पंजाब स्थित गांवों में मातम और गुस्से का माहौल है। सैनिकों के परिवारों की मांग है कि भारतीय सेना आतंकवादियों के इस 'कायराना हरकत' का मुंहतोड़ जवाब दें।
आतंकी हमले में शहीद हुए हवलदार मनदीप सिंह, लांस नायक कुलवंत सिंह, सिपाही हरकिशन सिंह और सिपाही सेवक सिंह पंजाब से थे जबकि एक अन्य जवान ओडिशा का रहने वाला था। बृहस्पतिवार को अज्ञात आतंकवादी हमले के बाद सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवान शहीद हो गए थे।
मोगा जिले के चारिक गांव में, कुलवंत के भाई ने पत्रकारों से कहा कि सरकार और सेना को हमले का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुलवंत के पिता भी सशस्त्र बलों में थे और कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे जब वह (कुलवंत) लगभग दो साल के थे।
एक ग्रामीण ने कहा, "उनके पिता कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। पूरा गांव सदमे में है।"
बठिंडा के बाघा गांव में सिपाही सेवक सिंह की बड़ी बहन, भाई की मौत के बाद गमगीन है। ग्रामीणों की मांग है कि सेना आतंकवादियों की 'कायरतापूर्ण हरकत' का मुंहतोड़ जवाब दे।
हवलदार मनदीप सिंह लुधियाना जिले के रहने वाले थे।
सैनिकों के परिवार के सदस्यों ने बताया कि अधिकारियों द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लेने के बाद उनके पार्थिव शरीर के पहुंचने की उम्मीद है।
मोगा जिले में पत्रकारों से बात करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चारों सैनिकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा, "हमें इस घटना (आतंकवादी हमले) में पांच जवानों के शहीद होने का बेहद दुखद समाचार मिला, जिनमें से चार पंजाब के थे।"
उन्होंने कहा, "इस आजादी को बरकरार रखने के लिए हमारे बहादुर जवान सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY