देश की खबरें | चंद्रयान की सुरक्षित लैंडिंग के लिये पूजा-पाठ, दुआएं

लखनऊ, 23 अगस्त चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बुधवार शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मथुरा और प्रयागराज के प्रमुख मंदिरों में पूजा की गई वहीं रामपुर में मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी मिशन की सफलता के लिए दुआएं की।

वाराणसी से मिली सूचना के अनुसार, बटुक भैरव मंदिर में भक्तों ने सुबह-सुबह विशेष प्राथना की और चन्द्रयान की सफल लैंडिंग के लिए नवग्रह पूजा की गई। यहां, चंद्रमा को दूध से अर्घ्य दिया गया। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दौरान मां गंगा से भी मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।

बटुक भैरव मंदिर के महंत जितेंद्र मोहन पुरी ने बताया कि आज सुबह नवग्रह पूजा के अलावा 11 बटुकों ने मंत्रोच्चारण करते हुए पंच देवों में से एक चंद्र देव का दूध से अभिषेक किया और चंद्रयान के सफल लैंडिंग की प्रार्थना की।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बताया कि मिशन की सफलता के लिए दशाश्वमेध घाट पर संस्था की ओर से मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की गयी।

दान घाटी मंदिर गोवर्धन के पुजारी पवन कौशिक ने बताया, "न केवल गिरिराज चालीसा का 11 बार पाठ किया गया, बल्कि मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना करते हुए भगवान को छप्पन भोग भी चढ़ाया गया।"

उन्होंने कहा कि मंदिर के गर्भगृह में अखंड ज्योति भी जलायी गयी और यह चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने तक प्रज्ज्वलित रहेगी।

अंतिम सूचना मिलने तक मंदिर में बड़ी संख्या में उत्साही भक्तों द्वारा गिरिराज चालीसा के पाठ सहित प्रार्थनाएं जारी थीं।

संगम नगरी प्रयागराज से मिली सूचना के मुताबिक मठ-मंदिरों में हवन यज्ञ किये जा रहे हैं। श्री मठ बाघंबरी गद्दी, शिवकुटी स्थित श्री धर्म संस्कृत विद्यालय और शिव कोटेश्वर महादेव मंदिर में भी चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना की गई।

श्री मठ बाघंबरी गद्दी में मिशन की सफलता के लिए हवन पूजन और रुद्राभिषेक किया गया। पीठाधीश्वर महंत बलवीर गिरि के साथ बटुकों और संतों ने हवन किया। वहीं, प्रयागराज के बंधवा के बड़े हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की गई।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग के छात्रों द्वारा संगम तट पर रेत से बनायी गई चंद्रयान-3 की कलाकृति लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।

वहीं, रामपुर मिली सूचना के मुताबिक, दरगाह जनाब—ए—आलिया में मुस्लिम धर्मगुरुओं ने आसमान की ओर हाथ उठाकर चंद्रयान मिशन की सफलता के लिए दुआ की।

मौलाना मेहरबान अली कादरी इरफानी ने कहा कि चंद्रयान—3 चांद के बहुत नजदीक पहुंच चुका है। अल्लाह से दुआ है कि वह खैरियत से अपनी मंजिल पर पहुंच जाए ताकि हिन्दुस्तान का नाम पूरी दुनिया में और भी रोशन हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)