नवा रायपुर, 25 फरवरी कांग्रेस महाधिवेशन में राजनीति मामलों से जुड़े जिस प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी उसमें देश में 'हेट क्राइम' के खिलाफ कानून की पैरवी की गई है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राजनीति मामलों के प्रस्ताव में 56 बिंदु हैं। महाधिवेशन के दूसरे दिन राजनीति, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय मामलों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस का तीन दिवसीय महाधिवेशन बृहस्पतिवार को आरंभ हो गया। पहले दिन पार्टी की संचालन समिति ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों का चुनाव नहीं होगा, बल्कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सदस्यों को नामित करने के लिए अधिकृत होंगे।
कांग्रेस के संविधान में संशोधन का प्रस्ताव भी दिया गया जिसके तहत पार्टी के संगठन में सभी स्तर पर अनूसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, युवाओं और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना है।
सूत्रों ने बताया कि राजनीति मामले के प्रस्ताव में कहा गया है कि कांग्रेस वादा करती है कि न्यायपालिका की स्वंत्रता की हर कीमत पर रक्षा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि सरकार न्यायपालिका पर हमले कर रही है और कानून मंत्री खुद इस हमले की अगुवाई कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY