कन्नूर/पलक्कड़ (केरल), 19 जून केरल की वाम सरकार के खिलाफ बुधवार को कन्नूर और पलक्कड़ जिलों में मार्च निकालने वाले केरल स्टूडेंट यूनियन (केएसयू) के छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं और महिला प्रदर्शनकारियों को सड़क पर घसीटा।
छात्र कार्यकर्ता उत्तरी केरल के मालाबार क्षेत्र के स्कूलों में 11वीं कक्षा की सीटों के कथित अभाव का मुद्दा उठा रहे थे। प्रदेश की वाम मोर्चा सरकार इस मसले पर आलोचना का सामना कर रही है।
इस क्षेत्र के मलप्पुरम जिले के परप्पनंगडी में 11 जून को एक छात्रा ने कथित तौर पर इस चिंता में आत्महत्या कर ली थी कि उसे अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए 11वीं कक्षा में दाखिला मिल पाएगा या नहीं।
राज्य में विपक्षी कांग्रेस की छात्र शाखा केएसयू के कई कार्यकर्ताओं ने कन्नूर में जिला कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया और मांग की कि स्कूलों में 11वीं की अतिरिक्त कक्षाएं स्थापित की जाएं।
जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और सामान्य शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी के खिलाफ नारे लगाते हुए आगे बढ़े तो पुलिस ने सड़क के बीच में रस्सी बांधकर उनका रास्ता रोक दिया।
प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे और पीछे हटने से इनकार किया तो तो पुलिस ने दो बार पानी की बौछारें कीं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड पार करने से भी रोका।
केएसयू कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच मामूली झड़प भी हुई। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों को इलाके से जबरन हटा दिया। पुलिस को कई महिला प्रदर्शनकारियों को घसीटते हुए देखा जा सकता था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY