देश की खबरें | लॉकडाउन तोड़ने वालों के खिलाफ बल प्रयोग न करे पुलिसः उच्च न्यायालय

प्रयागराज, 24 जून इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों को सलाह दी है कि वे लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बल प्रयोग न करें बल्कि इस संबंध में जागरूकता फैलाएं।

अदालत ने सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करने के आरोपी याचिकाकर्ताओं को भी निर्देश दिया कि वे आगरा के एसएसपी के समक्ष एक शपथ पत्र दाखिल करें कि वे कोविड-19 के सभी नियमों का पालन करेंगे और भविष्य में कोई भी नियम नहीं तोड़ेंगे।

यह भी पढ़े | दिल्ली हिंसा: जामिया की छात्र सफ़ूरा ज़रगर को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा: 24 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह की पीठ ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए मंगलवार को यह आदेश पारित किया। याचिका में आगरा के निवासी मुन्ना और छह अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग की गई थी।

याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, "वे लॉकडाउन के दौरान गरीबों के बीच भोजन का पैकेट बांटने में व्यस्त थे और इस दौरान अचानक एक स्थान पर कुछ लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने भीड़ तितर-बितर करने के सभी प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हो सके।"

यह भी पढ़े | मणिपुर में बीजेपी की सरकार पर छाया संकट खत्म, मिस्टर भरोसेमंद साबित हुए हेमंत बिस्वा.

पीठ ने संबद्ध पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों को आरोप पत्र दाखिल होने तक याचिकाकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं करने का निर्देश दिया।

पीठ ने कहा, “एफआईआर में याचिकाकर्ताओं के खिलाफ केवल यह आरोप है कि आगरा के ताजगंज में मालको गली में एकत्रित 8-10 लोगों द्वारा सोशल डिस्टैंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया गया।”

अदालत ने यह भी कहा, “इस बात में कोई संदेह नहीं है कि शहर के इन लोगों का यह दायित्व है कि वे कोविड-19 महामारी से सामूहिक रूप से लड़ने में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करें।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)