देश की खबरें | नेशनल कॉन्फ्रेंस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प के सिलसिले में पुलिस ने किया मामला दर्ज

श्रीनगर, 30 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले के गुरेज इलाके में नेशनल कॉन्फ्रेंस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के बीच कथित तौर पर हुई झड़प में कई लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम उत्तरी कश्मीर जिले के तुलैल के गुजरान इलाके में गुरेज के विधायक नजीर अहमद खान (गुरेजी) की रैली पर भीड़ ने हमला कर दिया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि झड़प में कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच जारी है।

इस बीच, गुरेजी ने कहा कि वह हाल ही में संपन्न जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में उन्हें चुनने के लिए मतदाताओं का धन्यवाद करने हेतु अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर हैं।

गुजरान लौटते समय उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा नेता फकीर मोहम्मद खान के गांव में उन्हें पुलिस ने रोक लिया।

उन्हें बताया गया कि वहां एकत्र हुए कुछ लोग वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दे रहे थे।

गुरेजी ने कहा, ‘‘फिर मुझे पुलिस की गाड़ी में ले जाया गया जिस पर पत्थरों से हमला किया गया। उन्होंने मेरी हत्या करने की कोशिश की लेकिन मैं बच निकला। मेरे निजी वाहन और अन्य वाहनों पर पत्थरों से हमला किया गया। चार से पांच गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हमारे कई लोग घायल हो गए।’’

विधायक ने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह गुंडागर्दी है और उन्हें खुशी है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

भाजपा नेता फकीर मोहम्मद खान के बेटे एजाज अहमद ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह निंदनीय है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन झगड़े को नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ताओं ने उकसाया। उन्होंने भाजपा समर्थकों के घरों और दुकानों के सामने उन्हें उकसाया।’’

जिला विकास परिषद (डीडीसी) के सदस्य एजाज अहमद ने इस मामले में भाजपा आलाकमान से हस्तक्षेप करने की अपील की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)