लुधियाना में कोरोना वायरस से पुलिस अधिकारी की मौत
सिविल सर्जन राजेश बग्गा ने बताया कि एसीपी (उत्तरी) अनिल कोहली ने एसपीएस अस्पताल में अंतिम सांस ली । पंजाब सरकार ने शुक्रवार को अस्पताल को पुलिस अधिकारी का उपचार प्लाज्मा थेरेपी से करने की इजाजत दी थी।
लुधियाना / चंडीगढ़, 18 अप्रैल लुधियाना के एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज करा रहे 52 वर्षीय सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) की शनिवार को मौत हो गई।
सिविल सर्जन राजेश बग्गा ने बताया कि एसीपी (उत्तरी) अनिल कोहली ने एसपीएस अस्पताल में अंतिम सांस ली । पंजाब सरकार ने शुक्रवार को अस्पताल को पुलिस अधिकारी का उपचार प्लाज्मा थेरेपी से करने की इजाजत दी थी।
लुधियाना के जिला जनसंपर्क कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘दुखद समाचार एसीपी अनिल कोहली का निधन हो गया। वह लुधियाना के एसपीएस अस्पताल में भर्ती थे।’’
कोहली के 12 अपैल को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। शुक्रवार को उनकी पत्नी, सुरक्षा गार्ड और एक थाना अधिकारी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई ।
मोहाली जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस से संक्रमण से पूरी तरह ठीक हो गए एक मरीज को शनिवार सुबह अस्पताल भेजा था । इस व्यक्ति के प्लाज्मा के जरिए कोहली का उपचार होने वाला था ।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने उनके निधन पर शोक जताया है ।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘यह बताते हुए दुख हो रहा है कि कोरोना वायरस से हमने कल गुरमैल सिंह कानूनगो और आज लुधियाना में अनिल कोहली को गंवा दिया । संकट के ऐसे समय में कोरोना वायरस के अपने योद्धाओं को गंवाना राज्य के लिए बड़ी क्षति है । शोक की इस घड़ी मैं उनके परिवारों के साथ हूं । ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 18, 2020 06:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

