देश की खबरें | बिहार में पुलिस ने धोखेबाजों के चंगुल से 600 लोगों को बचाया

मोतिहारी, 31 मार्च बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में 79 नाबालिगों सहित लगभग 600 लोगों को धोखेबाजों के चंगुल से बचाया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने एक कंपनी से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इस कंपनी के लोग कथित तौर पर युवाओं एवं नाबालिगों को फर्जी नौकरी की पेशकश करके बंदी बना लेते थे और उनके परिवारों से पैसे ऐंठते थे।

पूर्वी चंपारण पुलिस ने एक बयान में कहा, "एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जिले के रक्सौल में स्थित निजी कंपनी के परिसर पर छापा मारा और परिसर से 495 युवकों और 79 नाबालिग लड़कों को बचाया।"

पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और प्राथमिकी में नामजद 17 फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह कंपनी नौकरी दिलाने का वादा करने के बाद लोगों को महीनों तक बंधक बनाकर रखती थी।

बयान में कहा गया है, "कंपनी से जुड़े लोगों ने पीड़ितों के माता-पिता से 15,000 से 20,000 रुपये तक की जबरन वसूली भी की। जांच में यह भी पता चला है कि पीड़ितों को आरोपियों द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।"

बचाए गए सभी 79 नाबालिग लड़कों को पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी की बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)