देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के शाही परिवार, प्रधानमंत्री को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ईद-उल-अजहा के मौके पर कुवैत के शाही परिवार और वहां के प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-जबर अल-सबा को बधाई दी और इस त्योहार के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे ‘भारत की बहुसांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग’ बताया।

नयी दिल्ली, 17 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ईद-उल-अजहा के मौके पर कुवैत के शाही परिवार और वहां के प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-जबर अल-सबा को बधाई दी और इस त्योहार के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे ‘भारत की बहुसांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग’ बताया।

कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। उसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अपना आधिकारिक बयान भी साझा किया।

दूतावास ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईद-उल-अजहा के शुभ अवसर पर कुवैत के अमीर, क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री को उत्सव की शुभकामनाएं दीं।’’

बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘ईद-उल-अजहा के शुभ अवसर पर अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह, शहजादे शेख सबा खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह, प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-जबर अल-सबा को हार्दिक बधाई दी है।’’

बयान के मुताबिक अपने संदेश में भारतीय प्रधानमंत्री ने इस त्योहार में सन्निहित बलिदान, करुणा और भाईचारे के मूल्यों पर जोर दिया, जो ‘एक शांतिपूर्ण और समावेशी दुनिया के निर्माण के लिए आवश्यक’ हैं।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि ‘यह त्योहार भारत की बहुसांस्कृतिक विरासत का एक अभिन्न अंग है और इस्लाम धर्म को मानने वाले लाखों भारतीय नागरिकों द्वारा मनाया जाता है’। उन्होंने यह उल्लेख भी किया कि यह त्योहार भारत की बहुसांस्कृतिक विरासत के हिस्से के रूप में हर्षोल्लास के साथ देश भर में मनाया जाता है।

बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमीर, शहजादे और प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और कुशलता की भी कामना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\