हिरोशिमा, 20 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जापान में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतानियो गुतारेस से मुलाकात की।
मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में तीन सत्रों में भाग लेने के लिए यहां आए हैं। मोदी ने कहा कि हिरोशिमा जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर सुनक के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई। दोनों नेताओं के रविवार को औपचारिक बैठक करने की उम्मीद है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सुनक ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर मोदी के साथ तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों नेता गर्मजोशी से गले मिलते दिखे।
इंडोनेशिया के नेता के साथ मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति जोको विडोडो और श्रीमती विडोडो से मिला। भारत इंडोनेशिया के साथ मजबूत संबंधों को बड़ी प्राथमिकता देता है।’’
बैठक के बाद मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हिरोशिमा में संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस के साथ शानदार बातचीत हुई।’’
इससे पहले, मोदी ने अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल, वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह के साथ भी बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज से भी मुलाकात की।
जी-7 में अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, कनाडा और जापान के साथ-साथ यूरोपीय संघ भी शामिल हैं। जी-7 की अध्यक्षता के तहत, जापान ने भारत और सात अन्य देशों को शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY