चंबा (हिमाचल प्रदेश), 13 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-3 की शुरुआत की, जिसके तहत राज्य में 3,125 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का उन्नयन किया जाएगा।
मोदी ने दो पनबिजली परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी, जिनमें 48 मेगावॉट की चांजू-3 और 30 मेगावॉट की देवथल चंजू पनबिजली परियोजना शामिल है।
दोनों पनबिजली परियोजनाओं से सालाना 27 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इनके जरिये हिमाचल प्रदेश को लगभग 110 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व अर्जित करने की उम्मीद है।
पीएमजीएसवाई-3 के तहत केंद्र सरकार द्वारा राज्य की 15 सीमावर्ती और दूर-दराज के प्रखंडों में 440 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों के उन्नयन के लिए 420 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मंजूर की गई है।
इससे पहले, मोदी ने हिमचाल प्रदेश के ऊना जिले में नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने ऊना के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जनसभा को भी संबोधित किया।
मोदी ने ऊना में बल्क ड्रग फार्मा पार्क की आधारशिला रखी। उन्होंने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी)-ऊना का उद्घाटन भी किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY