जरुरी जानकारी | पूरी दुनिया के लिए नियोजन का साधन बनेगा पीएम गति शक्तिः गोयल

गांधीनगर, 10 जनवरी केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा कार्यान्वित प्रौद्योगिकी समर्थित बुनियादी ढांचा विकास मंच ‘पीएम गति शक्ति’ आने वाले वर्षों में पूरी दुनिया के लिए एक नियोजन साधन बन जाएगा।

गोयल ने यहां ‘वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन 2024’ के तहत आयोजित एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने ही दिन में किया।

गोयल ने कहा, ‘‘हम पीएम गति शक्ति के परिणामों का आकलन कर रहे हैं और कुछ नतीजे पहले ही साझा किए जा चुके हैं। मैं बड़ी जिम्मेदारी और भरोसे से कहता हूं कि पीएम गति शक्ति की यह समग्र संकल्पना आने वाले वर्षों में न केवल भारत या एशिया बल्कि पूरी दुनिया के लिए बुनियादी ढांचे का नियोजन उपकरण बनेगी।''

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे के नियोजन को लेकर पीएम गति शक्ति का दृष्टिकोण भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का अनुकूल माहौल बनाने में मदद करेगा।

पीएम गति शक्ति का राष्ट्रीय मास्टर प्लान बुनियादी ढांचा संपर्क परियोजनाओं की एकीकृत योजना और उनके समन्वित कार्यान्वयन का डिजिटल मंच है। इसमें बुनियादी ढांचे से जुड़े 16 मंत्रालयों को साथ रखा गया है। इसकी शुरुआत अक्टूबर, 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने की थी।

गोयल ने आगे कहा कि पीएम गति शक्ति से मिलती-जुलती अवधारणा मोदी ने लगभग 18 साल पहले गुजरात का मुख्यमंत्री रहते समय भी लागू की थी। उन्होंने कहा, ‘‘जनवरी 2001 के विनाशकारी भूकंप के बाद जब उन्हें गुजरात का दायित्व सौंपा गया था तो उन्होंने महसूस किया कि गुजरात को पटरी पर लाने और एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने के लिए बुनियादी ढांचे पर खास ध्यान देना होगा।“

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)