नयी दिल्ली, पांच नवंबर सरकार द्वारा इस हफ्ते की शुरुआत में मंजूर की गयी उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना से घरेलू कंपनियों को समान अवसर मिलेंगे और उद्योग के लिए वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुकूल माहौल का निर्माण होगा। प्रमुख एयर कंडीशनर (एसी) कंपनियों ने यह राय जताई है।
दायकिन, वोल्टास, ब्लू स्टार और पैनासोनिक सहित उद्योग की प्रमुख कंपनियों ने कहा कि इससे विनिर्माण के लिए एक अनुकूल मौहाल का निर्माण होगा और कंपनियों को अपने वैश्विक समकक्षों के बराबर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के निर्माण का अवसर मिलेगा।
सरकार ने बुधवार को रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसी इलेक्ट्रिकल वस्तुओं के उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) के तहत दायकिन, पैनासोनिक, सिस्का और हैवेल्स समेत 42 कंपनियों का लाभार्थी के रूप में चयन करने की घोषणा की थी। इन कंपनियों ने 3,898 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जतायी है।
निवेश के लिहाज से 538.70 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा प्रस्ताव दुनिया की अग्रणी एयर-कंडीशनर कंपनी दायकिन इंडस्ट्रीज का था।
दायकिन एयर-कंडीशनिंग इंडिया, जापानी कंपनी दायकिन इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी है।
कंपनी पीएलआई योजना के तहत आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में कम्प्रेसर, हीट एक्सचेंजर, शीट मेटल कलपुर्जों और प्लास्टिक मोल्डिंग कलपुर्जों का निर्माण करेगी। कंपनी वहां 75 एकड़ में एक नयी परियोजना स्थापित कर रही है।
दायकिन इंडिया के चेयरमैन के. जे. जावा ने पीटीआई- से कहा, "यह निवेश न केवल भारत के लिए है, बल्कि हम बड़े पैमाने पर एक निर्यात बाजार की भी तलाश कर रहे हैं। हालांकि, हम चाहते थे कि यह (पीएलआई) तैयार माल पर भी हो लेकिन यह भी कम नहीं है, यह शुरुआत ही है। सरकार के दृष्टिकोण पर हमारी नजर रही है। यह काफी सकारात्मक है।'
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY