देश की खबरें | पिनरायी विजयन हैं हिटलर और मुसोलिनी की तरह निरंकुश शासक : रीमा

तिरुवनंतपुरम, एक अप्रैल साधारण वेशभूषा में के. के. रीमा पहली नजर में किसी आम गृहिणी की तरह नजर आती हैं, हालांकि जब वह विनम्र, लेकिन तीखी आवाज में बोलती हैं तो देखनेवाले देखते रह जाते हैं और यही खूबी उन्हें केरल में अन्य महिला नेताओं से अलग बनाती है।

क्रांतिकारी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपी) के दिवंगत संस्थापक टी पी चंद्रशेखरन की पत्नी रीमा केरल के कोझिकोड जिले की वडाकरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं जहां छह अप्रैल को मतदान होगा। उन्हें कांग्रेस नीत यूडीएफ का समर्थन प्राप्त है।

केरल में राजनीतिक हिंसा की खुद पीड़ित रहीं रीमा के पति की 2012 में हत्या कर दी गई थी जो माकपा से अलग हो गए थे और स्थानीय स्तर पर एक दिग्गज नेता थे।

रीमा का कहना है कि उनकी लड़ाई राज्य में राजनीति के नाम पर की जाने वाली बर्बर हत्याओं के खिलाफ है।

चंद्रशेखरन को लोग टी पी कहकर पुकारते थे। उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से उनके शरीर पर धारदार हथियार के 51 निशान मिले थे। इस हत्या को केरल के इतिहास में सबसे बर्बर राजनीतिक हत्याओं में से एक माना जाता है।

वर्ष 2014 में एक स्थानीय अदालत ने इस मामले में 11 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी जिनमें से तीन माकपा के स्थानीय पदाधिकारी थे।

रीमा अपने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान सत्तारूढ़ माकपा की कथित हत्या राजनीति पर निशाना साधती रही हैं।

आरएमपी उम्मीदवार ने पीटीआई- के साथ साक्षात्कार में कहा कि उन्हें लोगों से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)