जरुरी जानकारी | पीएफसी कंसल्टिंग ने तीन विशेष इकाइयों का गठन किया

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल सार्वजनिक क्षेत्र की पीएफसी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी अनुषंगी कंपनी पीएफसी कंसल्टिंग लिमिटेड (पीएफसीसीएल) ने पारेषण परियोजनाओं के लिए तीन विशेष इकाइयों (एसपीवी) का गठन किया है।

नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड से जोड़ने के लिए मंदसौर में परिवर्तन क्षमता के संवर्धन तथा ‘लाइन बे’ के कार्यान्वयन के लिए मंसौर I री ट्रांसमिशन लिमिटेड का गठन किया गया है।

विंध्याचल वाराणसी ट्रांसमिशन को 765 केवी (किलोवोल्ट) विंध्याचल-वाराणसी ‘डायरेक्ट करंट लाइन’ पर भार को कम करने के लिए अंतर-क्षेत्रीय (उत्तरी क्षेत्र-पश्चिमी क्षेत्र) पारेषण प्रणाली को मजबूत करने को लेकर गठित किया गया है।

पीएफसीसीएल ने मध्य प्रदेश में मुरैना एसईजेड-चरण I (2500 मेगावाट) में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं से बिजली को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए पारेषण प्रणाली के विकास हेतु एक और मुरैना I एसईजेड ट्रांसमिशन लिमिटेड का गठन किया है।

बोली प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये विशेष इकाइयां सफल बोलीदाताओं को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। बोली प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए सफल बोलीदाता परियोजना का विकास करेंगे।

बिजली मंत्रालय ने ‘शुल्क आधारित प्रतिस्पर्धी’ बोली प्रक्रिया के माध्यम से उपर्युक्त पारेषण प्रणाली स्थापित करने के लिए पारेषण सेवा प्रदाता (टीएसपी) के रूप में बोलीदाता का चयन करने के उद्देश्य से पीएफसीसीएल को बोली प्रक्रिया समन्वयक (बीपीसी) नियुक्त किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)