जयपुर, 13 सितंबर राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर राज्य भर के पेट्रोल पंप संचालकों ने बुधवार को दो दिन की सांकेतिक हड़ताल शुरू की जिसके तहत सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक पेट्रोल पंप बंद रहे। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने इसकी जानकारी दी।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि पहले दिन की हड़ताल सुबह दस बजे शुरू हो गयी । उन्होंने बताया कि यह हड़ताल पेट्रोल डीजल पर वैट पड़ोसी राज्य पंजाब के समान करने की मांग को लेकर की गई है।
उन्होंने एक बयान में कहा कि हड़ताल के दौरान राज्य भर में लगभग 6700 पेट्रोल पंप बंद रहे। इस कारण राज्य में कुल मिलाकर लगभग 15231 किलोलीटर डीजल व 68859 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री प्रभावित हुई।
बयान में दावा किया गया है कि इससे सरकार को राज्य स्तर पर पेट्रोल डीजल की बिक्री से मिलने वाले राजस्व में लगभग 44 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
हड़ताल के तहत बृहस्पतिवार को भी सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक पंप बंद रहेंगे।
एसोसिएशन ने राज्य सरकार द्वारा इस मुद्दे पर कार्रवाई करने में विफल रहने पर 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY