देश की खबरें | मुंबई-ठाणे के लोग पीडीएस दुकानों के जरिये मंगा सकेंगे सब्जी

मुंबई, सात जून मुंबई और ठाणे के लोग अब खेतों की ताजी सब्जी मंगाने के लिए अपने आसपास सार्वजनिक वितरण प्रणाली (ṇपीडीएस) के तहत संचालित सरकारी दुकानों को ‘ऑर्डर’ दे सकेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि ग्राहकों के ‘ऑर्डर’ का सामान आने पर उन्हें सूचित कर दिया जाएगा।

खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव विजय वाघमारे ने कहा कि विभाग की प्रायोगिक पहल अभी मुंबई और ठाणे शहरों तक सीमित है।

अधिकारी ने बताया कि इससे पहले राज्य सरकार ने एक पहल शुरू की थी जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में पीडीएस की दुकानों पर स्टेशनरी उत्पाद (कॉपी, कलम आदि) बेचे जा सकते थे, क्योंकि इन क्षेत्रों में बिकने वाली वस्तुएं या तो खराब गुणवत्ता की थीं या महंगी थीं।

वाघमारे ने कहा, ‘‘इन योजनाओं को मिली अच्छी प्रतिक्रिया से पुणे और नासिक के किसान उपज संगठनों ने विभाग से संपर्क किया और मांग की कि उनकी उपज भी पीडीएस की दुकानों के माध्यम से बेची जाए।’’

उन्होंने कहा कि इन संगठनों की पहले से ही शहरी क्षेत्रों में अपनी आपूर्ति शृंखलाओं के माध्यम से अच्छी उपस्थिति थी।

अधिकारी ने कहा कि अब लोग पीडीएस की दुकानों पर सब्जी के लिए अपने ‘ऑर्डर’ दे सकते हैं, जो उत्पाद संगठनों और उपभोक्ताओं के बीच एक कड़ी के रूप में काम करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)