नयी दिल्ली, चार मई विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस को भले ही अब यह एहसास हो गया है कि बजरंग दल को बदनाम करके उसने पाप किया है लेकिन इसके लिए कर्नाटक की जनता उसे (कांग्रेस को) माफ नहीं करेगी।
विहिप ने कहा कि 10 मई को होने वाले चुनाव में राज्य के लोग कांग्रेस से इस पाप का हिसाब लेंगे। परिषद ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हिन्दू समाज से माफी मांगने और तत्काल पार्टी के घोषणापत्र में बदलाव करने को कहा।
विहिप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब एक दिन पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली ने कहा था कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का पार्टी के समक्ष कोई सुझाव नहीं है। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने नफ़रत फैलाने वाले भाषण को लेकर उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों की पृष्ठभूमि में अपने चुनावी घोषणापत्र में ऐसे संगठनों पर कार्रवाई का वादा किया है।
बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विश्व हिन्दू परिषद की युवा इकाई है।
मोइली की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त महामंत्री सुरेन्द्र जैन ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘ दो दिनों में ही कांग्रेस को समझ में आ गया कि वह बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती।’’
जैन ने कहा, ‘‘ अब वे (कांग्रेस) चाहे कुछ कहें लेकिन देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी और कर्नाटक के लोग उनके पाप का हिसाब लेंगे।’’
विहिप के संयुक्त महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के खिलाफ लड़ाई शुरू की और मुंह की खायी तथा अब उसने बजरंग बली के खिलाफ लड़ाई शुरू की है.... और उनका (कांग्रेस का) अंत निश्चित है।
वहीं, विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हिन्दू समाज से माफी मांगने और तत्काल पार्टी के घोषणापत्र में बदलाव करने को कहा।
उन्होंने कहा ‘‘कांग्रेस को अब यह अहसास हो गया है कि बजरंग भक्तों को उसने बदनाम कर पाप किया है। लेकिन हनुमान जी के जन्म स्थान कर्नाटक के लोग उसे माफ नहीं करेंगे।’’
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY