देश की खबरें | झारखंड के लोगों को असम के मुख्यमंत्री की विभाजनकारी बयानबाजी का विरोध करना चाहिए : कांग्रेस

गुवाहाटी, चार सितंबर कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने झारखंड के लोगों से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की विभाजनकारी बयानबाजी का विरोध करने का आग्रह किया है।

बोरा ने यहां लखीमपुर में बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान झारखंड के मतदाताओं से सोच-समझकर मतदान करने और शर्मा के विभाजनकारी बयानों से प्रभावित नहीं होने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘ शर्मा भारत के सबसे घटिया राजनेताओं में से एक हैं।’’

उन्होंने सीमा सुरक्षा और अवैध प्रवासन के प्रति शर्मा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दृष्टिकोण पर सवाल उठाया।

बोरा ने सवाल किया, ‘‘जब शर्मा बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण झारखंड में जनसांख्यिकीय परिवर्तन की बात करते हैं तो भाजपा हमारी सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए क्या कर रही है? शर्मा ने असम में अवैध प्रवासन की समस्या का समाधान करने के लिए क्या किया है?’’

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने शर्मा पर राजनीतिक 'खरीद-फरोख्त' में कुशल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री को पहले ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का समर्थन प्राप्त हो चुका है तथा वह अब और अधिक सहयोगियों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने दावा करते हुए कहा, ‘‘यदि भाजपा को लगता है कि शर्मा को झारखंड भेजकर वे जीत हासिल कर लेंगे, तो वे गलत हैं। कर्नाटक, तेलंगाना और अन्य जगहों पर उनके अतीत को देखें, जहां भाजपा को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)