जरुरी जानकारी | पेटीएम का उपभोक्ताओं को ऋण सुविधा देने के लिए श्रीराम फाइनेंस से करार

चेन्नई, 30 जून पेटीएम का संचालन करने वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने ग्राहकों को ऋण उत्पाद एवं अन्य वित्तीय सेवाएं देने के लिए खुदरा गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के साथ करार किया है।

कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत श्रीराम फाइनेंस के उत्पाद पेटीएम पर उपलब्ध होंगे, जिससे डिजिटल मंच के कारोबार में ऋण सुविधाएं भी जुड़ जाएंगी और इससे वित्तीय समावेशन भी होगा।

पेटीएम नेटवर्क पर व्यापारियों को श्रीराम फाइनेंस से ऋण लेने की सुविधा मिलेगी और फिर इसे उपभोक्ता ऋण तक भी बढ़ाया जाएगा।

श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के कार्यकारी वाइस चेयरमैन उमेश रेवांकर ने कहा, “भारत खुदरा कर्ज मांग में भारी वृद्धि देख रहा है। ग्रामीण और कस्बाई भारत की अधिक भागीदारी से ही इसके बढ़ने की संभावना है।”

पेटीएम के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय शेखर शर्मा ने कहा, “नए रणनीतिक साझेदार श्रीराम फाइनेंस के साथ ऋण वितरण के विस्तार की हमारी प्रतिबद्धता को और बढ़ावा मिलता है। हमें खुशी है कि हम साथ मिलकर भारत के छोटे व्यापारी भागीदारों और उद्यमियों की सेवा के लिए कर्ज की पेशकश कर सकेंगे।”

अनुराग प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)