देश की खबरें | संसद सुरक्षा चूक मामला : सांसदों ने साथी सदस्यों की तत्काल प्रतिक्रिया के लिए सराहना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा सदस्यों ने बुधवार को सदन में कूदे दो व्यक्तियों को तुरंत काबू करने के लिए साथी सांसदों-हनुमान बेनीवाल, मलूक नागर और गुरजीत सिंह औजला की सराहना की।

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर लोकसभा सदस्यों ने बुधवार को सदन में कूदे दो व्यक्तियों को तुरंत काबू करने के लिए साथी सांसदों-हनुमान बेनीवाल, मलूक नागर और गुरजीत सिंह औजला की सराहना की।

तीनों सांसदों की उनके साथी सदस्यों ने ‘‘साहसी’’ के रूप में सराहना की और कुछ ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो लोग अचानक सदन के भीतर कूद गए और 'केन' के जरिये धुआं फैला दिया। इसके तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

अन्य सदस्यों की मदद से दो व्यक्तियों में से एक को पकड़ने वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सांसद बेनीवाल ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘शून्यकाल के दौरान कई सांसद सदन में मौजूद थे। तभी अचानक दो लोग दर्शक दीर्घा से नीचे कूदे और अध्यक्ष के आसन के करीब पहुंचने की कोशिश करने लगे।’’

पत्रकारों से बातचीत में अमृतसर से कांग्रेस सांसद औजला ने कहा, ‘‘मैंने अभी एक मुद्दा उठाया ही था कि दो लोग सदन कक्ष में कूद पड़े। उनमें से एक आसन की ओर बढ़ रहा था कि तभी हनुमान बेनीवाल ने उसे पकड़ लिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम दूसरे व्यक्ति को पकड़ने के लिए दौड़े, तो मैंने देखा कि उसके हाथ में कुछ था जिसे वह लहराने लगा। हमने इसे उससे छीन लिया और सदस्यों की सुरक्षा के लिए इसे बाहर फेंक दिया क्योंकि इससे गैस निकल रही थी।’’

घटना के बारे में बसपा सांसद नागर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शून्यकाल की कार्यवाही चल रही थी। तभी पीछे से जोर से आवाज आई जैसे कोई गिर गया हो। तभी हमने देखा कि एक व्यक्ति दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गया था जबकि दूसरा व्यक्ति लटका हुआ था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फिर हनुमान बेनीवाल ने तुरंत दो लोगों में से एक को पकड़ लिया, जबकि मैंने और अन्य सांसदों ने दूसरी तरफ से भाग रहे दूसरे व्यक्ति को पकड़ लिया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\