नयी दिल्ली, 10 जुलाई राजधानी के सुंदर नगर इलाके में भारी बारिश के कारण एक दीवार गिर जाने से 32 साल के पार्किंग कर्मी की मृत्यु हो गयी, वहीं एक पान दुकानदार घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को सूचना मिली थी कि मथुरा रोड स्थित सुंदर नगर में भारी बारिश के कारण एक दीवार गिर गयी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) राजेश देव ने कहा, ‘‘हमारी टीम मौके पर पहुंची और एक निजी जेसीबी मशीन मंगाकर दीवार का मलबा हटाना शुरू किया। दो लोगों को घायल अवस्था में निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।’’
उन्होंने बताया कि इनमें से राकेश कुमार मिश्रा नामक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया जो बिहार के पूर्णिया जिले का निवासी था। अधिकारी के अनुसार, मीठापुर निवासी अशोक चंद मिश्रा (50) का इलाज चल रहा है।
देव ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।
पुलिस के अनुसार, राकेश दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पार्किंग में सहायक था, वहीं अशोक पान की दुकान चलाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY