देश की खबरें | पैरालंपियन निशानेबाज को तोक्यो पैरालंपिक्स के दल में तत्काल शामिल किया जाए : न्यायालय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) को आदेश दिया कि वह पांच बार के पैरालंपियन निशानेबाज नरेश कुमार शर्मा का नाम आगामी तोक्यो खेलों के लिये अतिरिक्त प्रतिभागी के तौर पर तत्काल शामिल करे।
नयी दिल्ली, दो अगस्त उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) को आदेश दिया कि वह पांच बार के पैरालंपियन निशानेबाज नरेश कुमार शर्मा का नाम आगामी तोक्यो खेलों के लिये अतिरिक्त प्रतिभागी के तौर पर तत्काल शामिल करे।
अत्यावश्यक आधार पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर, न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की पीठ ने पीसीआई को निर्देश दिया कि अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित निशानेबाज को खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये भेजे।
पीठ ने निशानेबाज की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह के इस कथन का संज्ञान लिया कि दो अगस्त चयन के लिये आखिरी तारीख है और तीन निशानेबाज भेजे जा सकते हैं।
केंद्र सरकार ने कहा कि उसे ऐसे आदेशों पर कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि टीम का चयन समिति द्वारा किया जाना है और अगर पदक बढ़ते हैं तो सरकार को खुशी होगी।
तोक्यो पैरालंपिक्स 24 अगस्त से शुरू हो रहे हैं और निशानेबाज शर्मा अपना चयन नहीं होने से व्यथित थे।
पैरालिंपियन निशानेबाज ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें तोक्यो खेलों के लिए उनका चयन नहीं करने के खिलाफ याचिका पर उसने सुनवाई के लिए छह अगस्त की तारीख तय की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)