एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | फॉर्म में लौटे पंत, लखनऊ सुपर जाइंट्स के सात विकेट पर 166 रन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी की जिसके दम पर लखनऊ सुपर जाइंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सोमवार को आईपीएल के मैच में सात विकेट पर 166 रन बनाये ।

खेल की खबरें | फॉर्म में लौटे पंत, लखनऊ सुपर जाइंट्स के सात विकेट पर 166 रन

लखनऊ, 14 अप्रैल कप्तान ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी की जिसके दम पर लखनऊ सुपर जाइंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सोमवार को आईपीएल के मैच में सात विकेट पर 166 रन बनाये ।

पंत ने 49 गेंद में 63 रन बनाये । उन्हें शुरूआत में दिक्कत हुई लेकिन धीरे धीरे लय हासिल कर ली और अब्दुल समद (20) के साथ पांचवें विकेट के लिये 33 गेंद में 53 रन बनाये ।

लगातार पांच पराजय का सामना करके आई चेन्नई सुपर किंग्स ने इससे पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया ।

बायें हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने पहले ही ओवर में एडेन माक्ररम को आउट किया जिनका बेहतरीन कैच पीछे की ओर दौड़ते हुए राहुल त्रिपाठी ने लपका ।

दो ओवर बाद अंशुल कम्बोज ने शानदार फॉर्म में चल रहे निकोलस पूरन को पगबाधा आउट किया ।

निजी कारणों से पिछले मैच से बाहर रहने के बाद मिचेल मार्श ने खलील को लगातार दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाया ।

वहीं अब तक टूर्नामेंट में जूझते नजर आये पंत ने कुछ अपारंपरिक लेकिन आत्मविश्वास से भरे शॉट्स खेले । इनमें जैमी ओवरटन की गेंद पर रिवर्स स्कूप पर जड़ा छक्का शामिल है ।

अनुभवी रविंद्र जडेजा ने पहले ओवर में दस रन दिये लेकिन दूसरे ओवर में शानदार वापसी करके मार्श का विकेट लिया । युवा आयुष बड़ोनी (17 गेंद में 22 रन) ने ओवरटन को लगातार दो छक्के लगाकर लखनऊ को 12 ओवर के बाद तीन विकेट पर 95 रन तक पहुंचाया ।

पंत ने मथीषा पथिराना को चौका लगाया । बडोनी को दो जीवनदान भी मिले जब पहली बार वह नोबॉल पर लपके गए और फिर जडेजा की गेंद पर पगबाधा होने से बचे । वह आखिरकार जडेजा का ही शिकार हुए और धोनी ने चुस्त स्टम्पिंग करके उन्हें रवाना किया ।

चेन्नई के स्पिनर नूर अहमद ने बीच के ओवरों में चार ओवर में सिर्फ 13 रन दिये । पथिराना 18वें ओवर में लौटे तो पंत ने उन्हें दो छक्के लगाये । पंत और समद जमकर खेल रहे थे जब धोनी ने दोनों को रवाना करने में अहम भूमिका निभाई ।

पहले उन्होंने दूसरे छोर से सटीक थ्रो मारकर समद को रन आउट किया । इसके बाद अगली गेंद पर पंत का ऊंचा कैच लपका ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2025 10:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).