एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंचायत समितियां कांग्रेस को मजबूत करेंगी, नए नेता तैयार होंगे: सिरिवेला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता सिरिवेला प्रसाद ने रविवार को कहा कि पार्टी ने पंचायत स्तर पर समितियां बनाने का जो फैसला लिया है, उससे न केवल संगठन मजबूत होगा बल्कि नये नेता भी तैयार होंगे।

देश की खबरें | पंचायत समितियां कांग्रेस को मजबूत करेंगी, नए नेता तैयार होंगे: सिरिवेला

चाईबासा, 20 जुलाई कांग्रेस नेता सिरिवेला प्रसाद ने रविवार को कहा कि पार्टी ने पंचायत स्तर पर समितियां बनाने का जो फैसला लिया है, उससे न केवल संगठन मजबूत होगा बल्कि नये नेता भी तैयार होंगे।

झारखंड में कांग्रेस के सह-प्रभारी प्रसाद ने कहा कि पार्टी राज्य की सभी 4,402 पंचायतों में समितियां गठित करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘एक पंचायत समिति में एक अध्यक्ष और दो उपाध्यक्ष सहित 12 सदस्य होंगे। राज्य भर की पंचायत समितियों में लगभग 55,000 लोग शामिल होंगे। ये लोग भविष्य के नेता बनेंगे।’’

वह चाईबासा में पार्टी के ‘संगठन सृजन’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके तहत ग्राम पंचायत कांग्रेस समिति के लिए एक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों, जिला पर्यवेक्षकों, प्रखंड अध्यक्षों, प्रखंड पर्यवेक्षकों और मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया।

प्रसाद ने कहा कि पार्टी ने झारखंड के लिए एक मोबाइल ऐप भी तैयार किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐप संवाद का माध्यम है, जहां लोगों के मुद्दे उठाए जा सकते हैं और यह जाना जा सकता है कि पार्टी कैसे काम कर रही है और सुझाव भी दिए जा सकते हैं।’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जिला, प्रखंड और मंडल अध्यक्षों से 15 अगस्त को अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा फहराने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रखंड समितियां गठित कर दी गई हैं तथा पंचायत समितियों के गठन के बाद मंडल समितियां गठित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि पंचायत समितियों के गठन की प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2025 10:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).