कोयंबटूर, 24 फरवरी अन्ना द्रमुक के अंतरिम महासचिव के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर इरोड पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता का ‘उल्लंघन कर लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया।
इस सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 27 फरवरी को होना है।
पलानीस्वामी ने शहर के हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि निर्वाचन प्राधिकारियों की शिकायतों के बावजूद सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
उन्होंने दावा किया कि मीडिया भी इस उल्लंघन का पर्दाफाश करने में ‘नाकाम’ रही। उन्होंने कहा कि इस उल्लंघन की जांच की जानी चाहिए क्योंकि द्रमुक कार्यकर्ता इसमें प्रत्यक्ष रूप से शामिल रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को अपने काबू में कर लिया है और उन्हें भोजन उपलब्ध कराया है जो चुनाव संहिता का उल्लंघन है।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की इस टिप्पणी पर कि अन्ना द्रमुक उपचुनाव में अपनी जमानत जब्त कराएगी, इस पर पलानीस्वामी ने कहा कि यह जनता तय करेगी न कि स्टालिन।
इरोड पूर्व सीट पर कांग्रेस नेता ई वी के एस इलानगोवन के सामने अन्ना द्रमुक के के. एस. तेन्नारासु की चुनौती है जबकि अभिनेता विजयकांत की डीएमडीके और सीमान की नाम तमिलर काची के उम्मीदवार भी मुकाबले में हैं।
द्रमुक ने इरोड सीट अपनी सहयोगी कांग्रेस के लिए छोड़ दी है। इस सीट पर इलानगोवन के बेटे ई.तिरुमहान इवेरा के निधन के कारण उपचुनाव कराना पड़ रहा है।
यह पूछे जाने पर कि वह अन्नाद्रमुक के महासचिव कब निर्वाचित होंगे, इस पर पलानीस्वामी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY