चेन्नई, 10 फरवरी अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने सोमवार को नयी दिल्ली में पार्टी के कार्यालय ‘पुरच्ची थलैवर एमजीआर-पुरच्ची थलैवी अम्मा मालिगई’ का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के लिए 13,020 वर्ग फुट क्षेत्र में तीन मंजिल कार्यालय भवन का निर्माण लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। कार्यालय निर्माण का कार्य पांच अक्टूबर 2015 को शुरू हुआ था, जब जे. जयललिता अन्नाद्रमुक की महासचिव थीं।
पलानीस्वामी के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता एस.पी. वेलुमणि, पी. थंगमणि, पोल्लाची वी. जयरामन, सेल्लूर के. राजू, डी.जयकुमार, नाथम आर. विश्वनाथन, तमिझ मगन हुसैन, एस. सेम्मलै और सी. पोनैयन भी मौजूद रहे। उन्होंने चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय से नयी दिल्ली स्थित कार्यालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गयी।
अन्नाद्रमुक ने बताया कि दिल्ली में कार्यालय स्थापित करने के लिए केन्द्र सरकार ने 21 फरवरी 2012 को 10,850 वर्ग फुट क्षेत्र हस्तांतरित किया था।
पार्टी ने कहा कि नयी दिल्ली के एम.बी. रोड स्थित इस नए कार्यालय का नाम पार्टी के संस्थापक नेता एम.जी. रामचंद्रन और दिवंगत पार्टी प्रमुख जे. जयललिता के नाम पर रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में पार्टी के जिला सचिवों, पदाधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY