एजेंसी न्यूज

पाकिस्तान ने आज फिर तोड़ा सीजफायर, 10वें दिन 8 जगहों पर की फायरिंग, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर विभिन्न सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.

पाकिस्तान ने आज फिर तोड़ा सीजफायर, 10वें दिन 8 जगहों पर की फायरिंग, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

जम्मू, 4 मई : पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर विभिन्न सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि में केंद्र शासित प्रदेश के पांच जिलों के आठ स्थानों से पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किए जाने की सूचना मिली. उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत एवं पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच यह लगातार दसवीं रात थी जब सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई. पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी जिसमें अधिकतर पर्यटक थे.

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘तीन और चार मई की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सेना की चौकियों की तरफ से जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के सामने स्थित एलओसी पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई. भारतीय सेना ने तुरंत और प्रभावी तरीके से इसका जवाब दिया.’’

भारत और पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम समझौते को 25 फरवरी 2021 को नवीनीकृत किए जाने के बाद से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं बहुत कम देखी गई थीं. पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के कुछ घंटों बाद 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक एलओसी पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं. यह भी पढ़ें : ओडिशा के कटक में निर्माण स्थल पर हादसे में तीन की मौत, दो घायल

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में एलओसी के पास कई चौकियों पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू करने के बाद, पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ सेक्टर और फिर जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. इसके बाद राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में एलओसी के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई. पुंछ जिले के मेंढर और जम्मू जिले के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी गोलीबारी की गई. भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच हाल में ‘हॉटलाइन’ पर बातचीत हुई थी. ऐसा बताया गया है कि इस दौरान भारत ने पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के की जा रही गोलीबारी को लेकर उसे चेतावनी दी थी. इसके बावजूद गोलीबारी रुक नहीं कर रही.

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2025 08:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).