हैदराबाद, एक सितंबर अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने और हैदराबाद में रहने के आरोप में गिरफ्तार एक पाकिस्तानी नागरिक को उसके ससुराल वालों ने नकली पहचानपत्र का उपयोग करके आधार कार्ड बनवाने में मदद की।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि फैज मोहम्मद (24) के सास-ससुर उसे यहां माधापुर स्थित आधार नामांकन केंद्र ले गए और उसका पंजीकरण कराया। पुलिस ने बताया कि हालांकि, फैज को अभी तक पहचानपत्र नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि फैज का पंजीकरण उसके रिश्तेदार मोहम्मद गौस के नाम पर किया गया और पहचानपत्र के रूप में जन्म प्रमाणपत्र जमा किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच की जा रही है।
फैज मोहम्मद को नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। वह अपनी पत्नी के आवास पर अवैध रूप से रह रहा था, जो हैदराबाद की रहने वाली है। फैज के पास से एक पाकिस्तानी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए।
पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आरोपी के ससुराल वाले उसे नेपाल सीमा से हैदराबाद लेकर आए थे। मामले में उसके ससुर और सास को आरोपी नम्बर दो और तीन बनाया गया है।
फैज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि उसे हिरासत में लिया गया है और उसके ससुराल वालों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 में फैज एक वस्त्र कंपनी में काम करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) गया था। पुलिस के अनुसार एक साल बाद, वह हैदराबाद की रहने वाली 29 वर्षीय महिला से मिला और उसे वहां नौकरी दिलाने में मदद की। पुलिस ने कहा कि फिर उसने उससे शादी कर ली और दंपति को एक बेटा हुआ।
बाद में महिला अगस्त 2022 में हैदराबाद वापस आ गई और शहर में रह रही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY