विदेश की खबरें | पाकिस्तान : अज्ञात बंदूकधारियों ने की सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, संदिग्ध गिरफ्तार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

पेशावर, 25 जून पाकिस्तान के पेशावर शहर में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस सिलसिले में रविवार को कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

मनमोहन सिंह (35) की कुछ हथियारबंद लोगों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी जब वह पेशावर के उपनगरीय इलाके रशीद गढ़ी से कहीं जा रहा था। घटना यक्का तूत पुलिस थाना क्षेत्र के गुलदारा चौक ककशल के पास हुई।

पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ लक्षित हमलों का यह नया मामला है।

पुलिस ने बताया कि सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पेशावर पुलिस प्रमुख अशफाक अनवर ने संवाददाताओं को बताया कि सिंह की हत्या के मामले में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस प्रमुख ने बताया कि पुलिस हत्या में शामिल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के करीब है।

पुलिस को प्रांत में कानून का पालन करने वाले नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वे अलग-अलग नजरिए से मामले की जांच कर रहे हैं।

पिछले 48 घंटों में यक्का तूत इलाके में किसी सिख व्यक्ति पर सशस्त्र हमले की यह दूसरी घटना है। शुक्रवार को पैरों में गोली मारे जाने से एक सिख व्यक्ति घायल हो गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)