विदेश की खबरें | पाकिस्तान : इमरान की पार्टी ने रैली निकालने की योजना अगले माह तक स्थगित की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, 22 अगस्त पाकिस्तान सरकार की ओर से रैली की अनुमति नहीं मिलने के बाद जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने राजधानी इस्लामाबाद में रैली निकालने की योजना अगले माह तक के लिए स्थगित कर दी है।

पार्टी नेता आजम स्वाति ने रावलपिंडी की अदियाला जेल के बाहर मीडिया को यह जानकारी दी।

उन्होंने पार्टी नेता गौहर खान के साथ खान से जेल में मुलाकात की।

स्वाति ने कहा, ‘‘ रैली का कार्यक्रम बदला गया है और अब इमरान खान के निर्देशानुसार आठ सितंबर को रैली की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि सरकार भी नयी तारीख पर सहमत है।

उन्होंने खान के हवाले से कहा कि पार्टी के जो भी कार्यकर्ता सड़कों पर हैं वे वापस चले जाएं।

यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब अनुमनि नहीं मिलने के बावजूद पीटीआई के नेता इस्लामाबाद में रैली आयोजित करने की योजना पर अड़े हुए थे और इस वजह से राजधानी में तनाव व्याप्त था।

सरकार ने इस्लामाबाद में सभी स्कूल बंद कर दिए हैं और पीटीआई कार्यकर्ताओं की आवाजाही को रोकने के लिए सड़कों पर अवरोधक लगा दिए हैं। शहर में यातायात जाम होने और वाहनों की लंबी कतारें लगने की खबरें हैं।

दरअसल खान की पार्टी ने अपने प्रमुख और अन्य नेताओं के खिलाफ मामलों को लेकर महीनों तक चली राजनीतिक खींचतान के बाद शक्ति प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। सरकार ने आखिरी समय में उसका अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) रद्द कर दिया।

इस्लामाबाद के मुख्य आयुक्त मोहम्मद अली रंधावा ने बुधवार को एक आदेश जारी किया जिसमें कहा गया कि वह रैली आयोजित करने के लिए उपायुक्त द्वारा 31 जुलाई को जारी किए गए एनओसी को तुरंत निलंबित कर रहे हैं।

वहीं पंजाब के गृह विभाग ने ‘‘मौजूदा कानून और व्यवस्था की स्थिति और सुरक्षा खतरों’’ के मद्देनजर पूरे प्रांत में धारा 144 लागू कर दी है। विभाग ने बृहस्पतिवार से शनिवार तक पूरे पंजाब में सभाओं, धरना-प्रदर्शनों, रैलियों, प्रदर्शनों, विरोधों और इसी तरह की गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

अधिकारियों को डर है कि अगर पीटीआई को उसके हजारों समर्थकों को राजधानी में लाने की अनुमति दी गई तो हिंसा और धरने हो सकते हैं क्योंकि पार्टी का इस तरह के विरोध प्रदर्शनों का इतिहास रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)