विदेश की खबरें | सऊदी अरब और यूएई से धन हासिल करने में पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी: शरीफ
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, 15 अप्रैल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को खुलासा किया कि सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात से धन हासिल करने में एक भूमिका निभायी। नकदी संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से राहत पैकेज के हासिल करने के लिए इन दोनों देशों से धन प्राप्त करना एक पूर्व शर्त थी।

शरीफ ने यहां एक समारोह को संबोधित करते हुए यह उम्मीद भी जताई कि अब आईएमएफ पाकिस्तान द्वारा मांगे गए 1.1 अरब डॉलर के लिए समझौता करने में देर नहीं करेगा।

शरीफ ने कहा, ‘‘सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात से धन हासिल करने के लिए सरकार के प्रयासों में योगदान दिया है।’’

कर्ज में डूबा पाकिस्तान और आईएमएफ देश को दिवालिया होने से बचाने के उद्देश्य से 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर के राहत पैकेज को लेकर एक कर्मचारी-स्तरीय समझौते तक पहुंचने में विफल रहे हैं।

यह धन 2019 में आईएमएफ द्वारा स्वीकृत 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर के रात पैकेज का हिस्सा है। इसके बारे में विश्लेषकों का कहना है कि अगर पाकिस्तान को बाहरी ऋण दायित्वों पर चूक से बचना है तो यह महत्वपूर्ण है।

इससे पहले, पाकिस्तानी सेना ने घोषणा की थी कि जनरल मुनीर की राजनीति में कोई भूमिका नहीं है, जबकि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान अभी भी कहते हैं कि देश की राजनीति में अंतिम शक्ति सेना प्रमुख के पास है।

शरीफ ने कहा कि धन/ऋण हासिल करने के बाद, पाकिस्तान ने अब कर्मचारी स्तर के समझौते के लिए आईएमएफ की सभी "कठिन शर्तों" को पूरा कर लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि आईएमएफ के पास अब समझौते (1.1 अरब डॉलर की एक किस्त जारी करने) में देरी करने के लिए कोई बहाना नहीं होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)