विदेश की खबरें | पाक:राष्ट्रपति ने पीएम, नेता प्रतिपक्ष से शनिवार तक कार्यवाहक पीएम का नाम प्रस्तावित करने को कहा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, 11 अगस्त पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने शुक्रवार को निवर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और नेशनल असेंबली में विपक्ष के निवर्तमान नेता राजा रियाज से कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति के लिए शनिवार तक एक नाम प्रस्तावित करने को कहा।

नौ अगस्त को नेशनल असेंबली भंग होने के बाद से प्रधानमंत्री और विपक्षी दलों ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री चुनने के लिए बैठकों का दौर शुरू किया है।

‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, बृहस्पतिवार को बैठक में छह नामों पर चर्चा हुई।

खबर में कहा गया कि शरीफ और रियाज के शुक्रवार को एक और दौर के विचार-विमर्श के लिए फिर से बैठक करने की उम्मीद है।

शरीफ और रियाज को लिखे पत्र में राष्ट्रपति ने याद दिलाया कि उन्होंने नौ अगस्त को प्रधानमंत्री की सलाह पर नेशनल असेंबली को भंग कर दिया था।

पत्र में कहा गया है, ‘‘संविधान के अनुच्छेद 224(1ए) के प्रावधान के तहत, निवर्तमान प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय असेंबली में निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष के परामर्श से राष्ट्रपति कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति करते हैं।"

पत्र में कहा गया कि संसद का निचले सदन के भंग होने के तीन दिनों के भीतर दोनों पक्षों को कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति के लिए नाम प्रस्तावित करना आवश्यक होता है।

अल्वी ने शहबाज शरीफ और रियाज को कार्यवाहक प्रधानमंत्री का नाम 12 अगस्त से पहले प्रस्तावित करने का निर्देश दिया।

यदि दोनों किसी नाम पर सहमत नहीं होते हैं, तो मामला संसदीय समिति को भेजा जाएगा और यदि समिति भी कोई निर्णय लेने में विफल रहती है तो पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) के पास उसे साझा की गई सूची में से कार्यवाहक प्रधानमंत्री का नाम चुनने के लिए दो दिन का समय होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)