विदेश की खबरें | पाक पुलिस तलाशी अभियान के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आवास पहुंची
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, 19 मई पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जमान पार्क आवास में कथित तौर पर छिपे ‘‘आतंकवादियों’’ की तलाश में वहां व्यापक तलाशी लेने के लिए पंजाब पुलिस शुक्रवार को पहुंची। यह जानकारी मीडिया की खबरों से मिली।

समाचार पत्र ‘डॉन’ के मुताबिक इस दल में लाहौर के आयुक्त मोहम्मद अली रंधावा, लाहौर के उपायुक्त राफिया हैदर, डीआईजी अभियान सादिक डोगर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अभियान) सोहैब शामिल हैं।

खबर के अनुसार यह दल खान से मिलेगा और उनसे बातचीत करेगा।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख खान के आवास पर विस्तृत तलाशी अभियान लेने के लिए वारंट हासिल किये।

समाचारपत्र ‘डॉन’ ने कहा कि अवास के प्रवेश तथा निकास द्वारों तक की सघन जांच की जाएगी और इसका मुख्य उद्देश्य स्थान में छिपे ‘‘आतंकवादियों’’ की तलाश करना है।

बुधवार को पंजाब सरकार ने दावा किया था कि ‘30 से 40’ आतंकवादी खान के जमान पार्क स्थित आवास के अंदर छिपे हुए हैं और खान को उन्हें सौंपने के लिए 24 घंटे का समय दिया था।

हालांकि बृहस्पतिवार को समयसीमा समाप्त होने के पश्चात भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

जिओ टीवी की एक खबर के अनुसार पंजाब के सूचना मंत्री आमिर मीर ने कहा है कि पुलिस खान के आवास पर उनकी अनुमति के बाद तलाशी लेगी और वह भी कैमरे के सामने। उन्होंने कहा,‘‘ हम उनसे (खान) तलाशी अभियान के लिए अनुमति मांगेंगे। 400 पुलिसकर्मियों का पुलिस दल जाएगा क्योंकि वहां कथित तौर पर आतंकवादी छिपे हुए हैं।’’

इस बीच लाहौर कैपिटल सिटी पुलिस अधिकारी बिलाल सद्दिकी कामयाना ने दावा किया कि खान के जमान पार्क स्थित आवास से भागने की कोशिश कर रहे छह और ‘आतंकवादियों’ को गिरफ्तार किया गया है।

शुक्रवार को यहां स्थित आतंकवाद रोधी अदालत ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान (70) को आतंकवाद से जुड़े तीन मामलों में दो जून तक गिरफ्तारी से राहत प्रदान करते हुए जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)