एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मिल्कीपुर उपचुनाव में हमारी जीत लोकतंत्र के लिए जरूरी : अखिलेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मिल्कीपुर उपचुनाव में पार्टी की जीत लोकतंत्र के लिए जरूरी है।

देश की खबरें | मिल्कीपुर उपचुनाव में हमारी जीत लोकतंत्र के लिए जरूरी : अखिलेश

लखनऊ, 13 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मिल्कीपुर उपचुनाव में पार्टी की जीत लोकतंत्र के लिए जरूरी है।

लखनऊ में सपा के प्रदेश मुख्यालय में फैजाबाद, अयोध्या और मिल्कीपुर क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा, “मिल्कीपुर उपचुनाव में हमें जरूर जीतना है। लोकतंत्र के लिए यह आवश्यक है। उपचुनाव में सत्तादल भाजपा को मनमानी नहीं करने दी जाएगी।”

निर्वाचन आयोग ने अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान के वास्ते पांच फरवरी की तारीख तय की है। यह सीट सपा के वरिष्ठ नेता अवधेश प्रसाद के 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद (अयोध्या) संसदीय सीट से निर्वाचित होने के बाद खाली हुई। 2022 में प्रसाद ने मिल्कीपुर से सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीता था।

अखिलेश ने कहा, “अयोध्या की हार को भाजपा पचा नहीं पा रही है। अपनी हार का बदला लेने के लिए पार्टी अनैतिक हथकंडे अपना रही है।”

उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा ने मतदाताओं को धमकाकर और प्रशासन तंत्र के दुरुपयोग से उपचुनाव में सात सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा की चालों को सभी समझ गए हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अब भाजपाई साजिशों का वाजिब जवाब देंगे।”

नवंबर 2024 में उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा और उसकी सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने सात सीटें जीती थीं, जबकि सपा को केवल दो सीटें मिली थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2025 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).