Pathan Controversy: पठान फिल्म के विवादित गाने को हटाने का विकल्प सेंसर बोर्ड के पास- उमा भारती
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने बुधवार को कहा कि सेंसर बोर्ड के पास आगामी हिंदी फिल्म ‘पठान’ से विवादास्पद ‘बेशर्म रंग’ गीत को हटाने का विकल्प अब भी है.
खंडवा (मप्र), 22 दिसंबर : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने बुधवार को कहा कि सेंसर बोर्ड के पास आगामी हिंदी फिल्म ‘पठान’ (Pathan) से विवादास्पद ‘बेशर्म रंग’ गीत को हटाने का विकल्प अब भी है. उन्होंने कहा कि अभिनेता ‘‘शाहरुख खान उनके खिलाफ इतनी नफरत के लिए खुद जिम्मेदार’’ हैं. शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म का एक गाना ‘बेशर्म रंग’ शीर्षक से हाल में रिलीज़ किया गया था, जिसके बाद दक्षिणपंथी संगठनों ने वीडियो में पादुकोण को भगवा रंग के कपड़े पहने दिखाए जाने पर गुस्सा व्यक्त किया.
गाने को लेकर विवाद के बीच कुछ दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा खान को पाकिस्तान जाने के लिए कहने से जुड़े सवाल के जवाब में भारती ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘उनके खिलाफ इतनी नफरत के लिए खुद शाहरुख जिम्मेदार हैं क्योंकि शाहरुख, सैफ (सैफ अली खान) और आमिर खान ने एक बार कहा था कि उन्हें भारत में डर लगता है लेकिन नूपुर शर्मा (पैगंबर मोहम्मद को लेकर टिप्पणी के लिए निलंबित भाजपा प्रवक्ता) के प्रकरण के बाद जब लोगों के गले काटे गए तो वे एक बार भी नहीं बोले. उन्होंने मौका गंवा दिया.’’ मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लोगों को लगता है कि वे (खान) कट्टरपंथियों की गतिविधियों का विरोध नहीं करते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए उन्होंने लोगों का विश्वास खो दिया है.’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फिल्म से गाने को हटाना सेंसर बोर्ड के हाथ में है. यह भी पढ़ें : Pathan Controversy: शाहरूख खान की फिल्म ‘पठान’ को लेकर उलेमा बोर्ड ने भी जताई आपत्ति, लोगों से की बायकॉट की अपील (Watch Video)
भारती ने कहा कि 1947 में विभाजन के समय भारत में रहने वाले केवल 2.5 प्रतिशत मुसलमान ही पाकिस्तान गए थे. भाजपा नेता ने कहा कि जो मुसलमान भारत में रह गए, वे कहते हैं कि वे यहां हिंदू पड़ोसियों के साथ सुरक्षित महसूस करते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए जो लोग वहां जाना चाहते हैं उन्हें यह तय करना होगा कि क्या वे वहां (पाकिस्तान में) सुरक्षित रहेंगे. क्या उन्हें यहां जैसी बोलने की आजादी और जीने की आजादी पाकिस्तान में मिलेगी? इससे (भारत में) ज्यादा सुरक्षा और कहां होगी?”
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2022 12:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

