गांधीनगर, 28 जुलाई फॉक्सकॉन ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत में सेमीकंडक्टर मसौदे के भविष्य को लेकर आशावादी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ताइवान भारत का सबसे भरोसेमंद भागीदार है और रहेगा।
फॉक्सकॉन के चेयरमैन यंग लियू ने यहां 'सेमीकॉन इंडिया 2023' सम्मेलन में कहा कि ''आइए साथ मिलकर यह काम करें।''
उन्होंने कहा, ''भारत में चिप के लिए एक परिवेश बनाना बहुत बड़ा काम है... जहां चाह है, वहां राह है।''
इस संबंध में भारत सरकार के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए लियू ने देश की सेमीकंडक्टर यात्रा पर भरोसा जताया।
लियू ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार मुझसे कहा था कि 'आईटी' का मतलब भारत और ताइवान है। माननीय प्रधानमंत्री, ताइवान आपका सबसे भरोसेमंद साझेदार है और रहेगा... आइए इसे मिलकर करें।''
इस महीने की शुरुआत में ताइवान स्थित फॉक्सकॉन, वेदांता के साथ 19.5 अरब अमेरिकी डॉलर के सेमीकंडक्टर संयुक्त उद्यम से हट गई थी। फॉक्सकॉन एप्पल के लिए आपूर्ति करती है।
फॉक्सकॉन ठेके पर काम करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता है।
अमेरिकी कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी भारत में सबसे पहले सेमीकंडक्टर बनाने के लिए तैयार है, जिसकी घोषणा इस साल जून में की गई थी।
फॉक्सकॉन ने कहा है कि वेदांता के साथ सेमीकंडक्टर संयुक्त उद्यम परियोजना से हटने के बाद वह मनपसंद भागीदारों की तलाश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY