देश की खबरें | मणिपुर में स्थिति खराब करने से बचे विपक्ष: भाजपा

नयी दिल्ली, 28 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विपक्षी दलों से मणिपुर में स्थिति को खराब करने से बचने का आग्रह किया और साथ ही आरोप लगाया कि संसद में ऐसा करने के बाद वे राज्य में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्हें विपक्षी नेताओं के हिंसा प्रभावित राज्य का दौरा करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें वहां की स्थिति नहीं बिगाड़नी चाहिए।

पार्टी के एक अन्य सांसद रवि किशन ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पाकिस्तान और चीन का भी दौरा करना चाहिए, जहां उनकी बहुत मांग है।

प्रसाद ने कहा कि विपक्षी सांसद संसद की कार्यवाही को लगातार बाधित कर तनाव पैदा कर रहे हैं और सरकार द्वारा बहस के लिए तैयार हो जाने के बावजूद इस मुद्दे पर चर्चा से ‘‘भाग’’ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि वे राज्य में इसी तरह का तनाव पैदा करना चाहते हैं लेकिन उन्हें इसकी संवेदनशीलता पता होनी चाहिए।

भाजपा सांसद राम कृपाल यादव ने कहा कि विपक्षी नेता केवल ‘नाटक’ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वे संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने से भाग रहे हैं और स्थिति का लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के 20 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए सप्ताहांत में मणिपुर का दौरा करेगा और फिर हिंसा प्रभावित राज्य में समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और संसद को सिफारिशें देगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)