देश की खबरें | कर्नाटक में विपक्षी दलों ने सरकार से पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू करने का आग्रह किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर बेंगलुरु में मंगलवार से सात दिवसीय लॉकडाउन लागू किए जाने की तैयारियों के बीच, विपक्षी दलों ने कर्नाटक सरकार से पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू करने का आग्रह किया है।
बेंगलुरु, 13 जुलाई कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर बेंगलुरु में मंगलवार से सात दिवसीय लॉकडाउन लागू किए जाने की तैयारियों के बीच, विपक्षी दलों ने कर्नाटक सरकार से पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू करने का आग्रह किया है।
जनता दल(सेक्यूलर) के नेता एच डी देवेगौड़ा और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खांडरे ने पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू करने की मांग की है।
यह भी पढ़े | बिहार: फरार बदमाशों को तलाशने के लिए बैंड बाजा के साथ पुलिस, घर के बाहर चिपकाया न्यायालय का नोटिस.
बेंगलुरु के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में लॉकडाउन लागू करने के सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए देवेगौड़ा ने कहा, "मैं सरकार से पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू करने का मीडिया के माध्यम से आग्रह करता हूं।"
पूर्व प्रधानमंत्री ने राज्य और पूरे देश के लोगों से अपील की कि वे बाहर निकलते समय मास्क पहनें, सामाजिक दूरी बनाए रखें, नियमित रूप से सैनिटाइजर से हाथ साफ करें और जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए उपायों और राहत पैकेज को लागू करने में अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ कई नेताओं ने आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा, "इस बारे में अगले विधानमंडल सत्र में चर्चा करेंगे। फिलहाल लोगों का स्वास्थ्य महत्वपूर्ण हैं इसलिए इस पर ध्यान केंद्रित करते हैं।''
देवेगौड़ ने कहा कि सरकार को इस दिशा में काम करना चाहिए। ‘‘हम सभी सरकार के साथ हैं, कृपया लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें।’’
कोविड-19 संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के मद्दनेजर कर्नाटक सरकार ने शनिवार को बेंगलुरु के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 14 से 22 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी। लॉकडाउन 14 जुलाई रात आठ बजे से 22 जुलाई सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा।
इस बीच, कांग्रेस नेता खांडरे ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को याद दिलाया कि कोविड-19 के मामले न केवल बेंगलुरु में, बल्कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में भी बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीदर, कलबुर्गी, यादगीर, रायचूर, कोप्पल, बल्लारी जिलों में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही है।
उन्होंने कहा, "राज्य में कम से कम पंद्रह दिन के लिए एक बार फिर से सख्त लॉकडाउन लागू कर स्थिति को नियंत्रण में लाएं। मैं सरकार से अपील करता हूं कि इस लॉकडाउन अवधि में अपनी पिछली कमियों को सुधारें और भविष्य में महामारी से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2020 02:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

