देश की खबरें | विपक्ष ने अपने सहयोगियों के बीच विश्वास परखने के लिए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है : मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों के साथ)

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, आठ अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) अपने सहयोगियों के बीच विश्वास परखने के लिए उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है क्योंकि वह खुद अविश्वास से भरा हुआ है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन को ‘घमंडिया’ करार दिया और दिल्ली सेवा विधेयक पर मतदान में ‘सेमीफाइनल’ जीत के लिए पार्टी के राज्यसभा सदस्यों को बधाई दी।

सूत्रों के अनुसार, मोदी ने कहा कि कुछ विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में मतदान को 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले सेमीफाइनल बताया था।

दिल्ली सेवा विधेयक को सोमवार को संसद की मंजूरी मिल गई । राज्यसभा ने इस विवादास्पद विधेयक को 101 के मुकाबले 131 मतों से पारित कर दिया।

लोकसभा में सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का विफल होना तय समझा जा रहा है। इसे देखते हुए मोदी ने पार्टी के सांसदों से 2024 के चुनाव से पहले अंतिम गेंद पर ‘‘छक्का’’ जड़ने के लिए कहा।

उन्होंने 2018 के अपने भाषण का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने विपक्ष से 2023 में उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कही थी।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेता सामाजिक न्याय की बात करते हैं लेकिन उन्होंने वंशवादी, तुष्टिकरण और भ्रष्ट राजनीति से इसे सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि यह समय भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करने का है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\