औरैया में सड़क दुर्घटना में मजदूरों की मौत पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों की मौत को ‘‘हादसा नहीं हत्या’’ बताया।
लखनऊ, 16 मई उत्तर प्रदेश के औरैया में सड़क दुर्घटना में 24 मजदूरों की मौत को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने ‘‘हादसा नहीं हत्या’’ बताया, वहीं बहुजन समाज पार्टी ने पार्टियों से दलगत राजनति से ऊपर उठकर लोगों की मदद के लिए आगे आने और घटना पर राजनीति नहीं करने की अपील की।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों की मौत को ‘‘हादसा नहीं हत्या’’ बताया।
उन्होंने मृतकों के परिजनों को पार्टी की तरफ से एक-एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा करते हुये सरकार से प्रत्येक श्रमिक के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की ।
यादव ने ट्वीट किया ''उप्र के औरैया में सड़क हादसे में 24 से भी अधिक ग़रीब प्रवासी मज़दूरों की मौत पर अवर्णनीय दुख। घायलों के लिए दुआएँ । सब कुछ जानकर... सब कुछ देखकर भी... मौन धारण करने वाले हृदयहीन लोग और उनके समर्थक देखें कब तक इस उपेक्षा को उचित ठहराते हैं। ऐसे हादसे मृत्यु नहीं हत्या हैं ।’’
उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा, ''घर लौट रहे प्रवासी मज़दूरों के मारे जाने की ख़बरें दिल दहलाने वाली हैं। मूलत: ये वो लोग हैं जो घर चलाते थे। इसलिए समाजवादी पार्टी प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को एक लाख रुपए की मदद पहुँचाएगी । नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए निष्ठुर भाजपा सरकार भी प्रति मृतक 10 लाख रु की राशि दे ।''
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने औरैया में शनिवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की वह श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिये जारी निर्देशों को सख्ती से लागू करवायें ।
उन्होंने कहा,‘‘ इस समय सभी पार्टियों से मेरी अपील है कि दलगत राजनति से ऊपर उठकर मजदूरों की मदद करनी चाहियें और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहियें । इसकी आड़ में कोई घिनौनी राजनीति नहीं करनी चाहियें । मेरा केंद्र, राज्य सरकार और रेलवे विभाग से अनुरोध है कि गंभीर होकर इनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराई जानी चाहिए । इन मजदूरों की खाने की पूरी व्यवस्था की जानी चाहियें ।’’
उन्होंने कहा,‘‘ औरैया की घटना बहुत दुखद है और इसमें मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहियें । मैं मुख्यमंत्री से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करती हूं जिन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरा नहीं किया। इस दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।’’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को औरेया में दुर्घटना में 24 प्रवासी मजदूरों मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफा देने की मांग की हैं।
उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू ने ‘‘पीटीआई-’’ से बातचीत में कहा कि ''उप्र के मुख्यमंत्री को त्यागपत्र दे देना चाहिए । यह सरकार प्रवासी मजदूरों के प्रति असंवदेनशील है । वह सारी बसें कहा गयी जिसके बारे में सरकार ने दावा किया था कि इन्हें प्रवासी मजदूरों को लाने के लिये लगाया गया है । सारा देश यह सब देख रहा है ।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 03:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

