देश की खबरें | ओमन चांडी की पार्थिव देह को केरल लाया जाएगा

तिरुवनंतपुरम, 18 जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी की पार्थिव देह को मंगलवार दोपहर को बेंगलुरु से तिरुवनंतपुरम लाया जाएगा। पार्टी ने यह जानकारी दी।

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीसन ने बताया कि चांडी का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार दोपहर को कोट्टायम के निकट पुथुपल्ली गिरजाघर में किया जाएगा।

उन्होंने अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि चांडी के पार्थिव शरीर को आज राज्य सचिवालय के ‘दरबार हॉल’ में रखा जाएगा ताकि आम लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें।

सतीसन ने कहा, ‘‘इसके बाद पार्थिव देह सचिवालय के निकट सेंट जॉर्ज कैथेड्रल ले जाई जाएगी, जहां चांडी प्रार्थना किया करते थे। बाद में उसे इंदिरा भवन में ले जाया जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।’’

तिरुवनंतपुरम स्थित इंदिरा भवन केरल में कांग्रेस का मुख्यालय है।

पार्थिव शरीर को बुधवार सुबह पुथुपल्ली ले जाया जाएगा।

सतीसन ने कहा, ‘‘हमने कोट्टायम के तिरुनाक्कारा मैदान में व्यवस्था की है, ताकि आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। चांडी के पार्थिव शरीर को शाम को पुथुपल्ली स्थित उनके घर ले जाया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजे पुथुपल्ली गिरजाघर में होगा।

केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर दो बार सेवाएं दे चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी का मंगलवार तड़के बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।

केरल सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश और दो दिवसीय शोक की घोषणा की है।

कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि ओमन चांडी कैंसर से पीड़ित थे और उनका एक निजी अस्पताल में तड़के चार बजकर 25 मिनट पर निधन हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)