देश की खबरें | ओएनजीसी के हजीरा संयंत्र में लगी आग पर काबू पाया, कोई हताहत नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के सूरत जिले में तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के हजीरा गैस प्रसंस्करण संयंत्र में बृहस्पतिवार तड़के तीन विस्फोटों के बाद लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
सूरत, 24 सितंबर गुजरात के सूरत जिले में तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के हजीरा गैस प्रसंस्करण संयंत्र में बृहस्पतिवार तड़के तीन विस्फोटों के बाद लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: दलित लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, ऊंची जाति के 4 लोग नामजद; आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज.
प्रत्यक्षदशियों ने बताया कि आग भीषण थी और कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थी। कुछ लोगों ने विस्फोटों और आग के वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए।
सूरत के जिलाधिकारी धवल पटेल ने बताया कि तड़के तीन बजकर पांच मिनट पर तीन जोरदार विस्फोटों के बाद संयंत्र के गैस टर्मिनल में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए संपीड़ित (कम्प्रेस्ड) गैस का दबाव कम किया गया।
पटेल ने बताया कि ओएनजीसी, सूरत नगर निगम और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के पांच दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि जिस गैस टर्मिनल में आग लगी थी उसे बंद कर दिया गया है और संयंत्र सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि आग लगने वाली जगह के तापमान को नियंत्रित करने के बाद आग के कारणों की पड़ताल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य उद्योगों पर इसका प्रभाव नहीं पड़ा है।
जिला प्रशासन ने उन खबरों की पुष्टि नहीं की है, जिनमें कहा जा रहा है कि आग उरण-मुंबई गैस पाइपलाइन के फूटने के कारण लगी।
ओएनजीसी ने ट्वीट किया कि हजीरा गैस प्रसंस्कण संयंत्र में आग लग गई।
उसने कहा, ‘‘आग पर काबू पा लिया गया है। कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।’’
ओएनजीसी ने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘आग बुझा दी गई है। सामान्य परिचालन जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)