देश की खबरें | दिल्ली में झड़प में एक युवक घायल

नयी दिल्ली, 25 जून दक्षिण पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ इलाके के एक पार्क में स्थानीय लोगों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर पिटाई किये जाने और किसी नुकीली वस्तु से हमला करने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान किशनगढ़ निवासी अभिनंदन (20) के रूप में हुई है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार यह कथित घटना शनिवार रात साढ़े नौ बजे हुई, जब अभिनंदन और उसका दोस्त हिमांशु (18) अपने घर के पास स्थित एक पार्क में दौड़ लगा रहे थे।

उसने बताया कि पीड़ित की चार-पांच स्थानीय लोगों के साथ झड़प हुई, जिसके बाद लोगों ने उसे डंडों से पीटा और किसी नुकीली चीज से उस पर हमला किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि किशनगढ़ पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है और इस सिलसिले में जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)