देश की खबरें | मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, दो जवान घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है। वहीं बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से दो जवान घायल हो गए।
रायपुर, 20 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है। वहीं बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से दो जवान घायल हो गए।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने मंगलवार को बताया कि जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोलाकोंडा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है।
सुंदरराज ने बताया कि क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की सूचना के बाद ‘डीआरजी’, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन के दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।
उन्होंने कहा कि दल जब गोलाकोंडा गांव के करीब जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक नक्सली का शव, हथियार और माओवादियों के सामान बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दौरान नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया था। इस घटना में डीआरजी के जवान रमेश भंडारी और सेमला धनेश घायल हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 20, 2020 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

