देश की खबरें | शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत व उनके भाई को धमकी देने के मामले में एक और गिरफ्तारी

मुंबई, 15 जून शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और उनके विधायक भाई सुनील राउत को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इसी के साथ इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस को पांचवें आरोपी की मामले में संलिप्तता मिली थी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने कहा, “ आरोपी एक राजनीतिक कार्यकर्ता भी है और शहर के पूर्वी उपनगरों के स्थानीय नेताओं के साथ उसका घनिष्ठ संबंध है। उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल में विधायक सुनील राउत के साथ उसकी तस्वीरें और वीडियो भी हैं।"

एक अदालत ने उसे 19 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

इस संबंध में प्राथमिकी पिछले हफ्ते कांजुरमार्ग थाने में दर्ज की गई थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने शुरू में दो लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ के दौरान कुछ अन्य लोगों के नामों का खुलासा किया।

अधिकारी ने कहा कि फोन कर धमकी देने के कारण की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)