देश की खबरें | सुरेश अंगड़ी के निधन पर कर्नाटक में एक दिन के शोक की घोषणा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु/चेन्नई, 24 सितंबर रेल राज्य मंत्री एवं कर्नाटक से भाजपा सांसद सुरेश अंगड़ी के निधन पर कर्नाटक सरकार ने उनके सम्मान में एक दिन के शोक की घोषणा की है। मंत्री का बुधवार को दिल्ली में निधन हो गया था।

कर्नाटक में एक सरकारी आदेश में कहा गया है कि इस दौरान किसी भी मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा और सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

यह भी पढ़े | Delhi Violence: दिल्ली दंगों से जुड़े मामले की जांच के बीच बीजेपी नेता कपिल मिश्रा बोले-स्पेशल सेल ने मुझे नहीं बुलाया, मुझे टारगेट किया जा रहा है.

अंगड़ी का कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दिल्ली के एम्स में बुधवार को निधन हो गया था। उन्हें 11 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और ऐसा कहा गया था कि शुरुआत में उनमें संक्रमण के लक्षण नहीं थे। हालांकि, बाद में उनकी स्थिति बिगड़ गई और उनके निधन ने उनके परिवार, मित्र और रिश्तेदारों को स्तब्ध कर दिया।

उधर, पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

यह भी पढ़े | Delhi Riots Police Chargesheet: चार्जशीट में सलमान खुर्शीद और प्रशांत भूषण का नाम आया सामने, कई नेता-वकील और एक्टिविस्ट के नाम भी शामिल.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी, उप मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम, द्रमुक नेता एम के स्टालिन ने उनके निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया।

पलानीस्वामी ने कहा कि वह अंगड़ी की अकाल मृत्यु की खबर से स्तब्ध हैं और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हैं।

पनीरसेल्वम ने कहा कि अंगड़ी के निधन से वह दुखी हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले तथा मंत्री के परिवार को ईश्वर इस दुख को बर्दाश्त करने की शक्ति दे।

स्टालिन ने भी शोक जताते हुए मंत्री के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच राजा और द्रमुक सांसद कनिमोई ने भी मंत्री के निधन पर दुख प्रकट किया है।

रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी बेलगावी से चौथी बार सांसद निर्वाचित हुए थे। वे यहां से 2004 से ही चुने जा रहे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से युवावस्था से ही जुड़े थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)