देश की खबरें | दो नाबालिग जनजातीय लड़कियों से सामूहिक बलात्कार मामले में एक गिरफ्तार; आठ अभी फरार

अगरतला, 12 मई त्रिपुरा के गोमती जिले में दो नाबालिग जनजातीय लड़कियों से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) ज्योतिष्मन दास चौधरी ने कहा कि मुख्य आरोपी की पहचान तिंघारिया के मोलाराय जमातिया के तौर पर हुई है।लेकिन बाकी आठ आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों लड़कियां बुधवार को जिले के अमरपुर कस्बे में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बैशाखी मेला’ में आई थीं और मोलाराय से उनकी मुलाकात हुई जो इनमें से एक का फेसबुक दोस्त था।

एआईजी ने बताया, ‘‘मेला परिसर से युवक उन्हें बुधवार रात को स्कटूर से चेचुआ में रबड़ बागान में ले गया। वहां पहुंचकर मोलाराय और उसके दोस्तों ने दोनों लड़कियों से बलात्कार किया।’’

उन्होंने बताया कि मोलाराय फिर दोनों लड़कियों को अमरपुर ले आया और बृहस्पतिवार तड़के उन्हें वहीं छोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित बीरगंज पुलिस थाना पहुंचीं।

दोनों लड़कियों के बयान सुनने के बाद पुलिस हरकत में आई और इस सामूहिक दुष्कर्म में संलिप्त होने के आरोप में बृहस्पतिवार को मोलाराय को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रहे हैं। जांच प्रक्रिया के तहत पीड़िताओं का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया है।’’

त्रिपुरा महिला आयोग (टीसीडब्ल्यू) ने घटना की निंदा की है।

टीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष बर्नाली गोस्वामी ने शुक्रवार को कहा, ‘‘यह दुखद मामला है। हम इस अपराध की निंदा करते हैं और इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों के लिए कड़े से कड़े दंड की मांग करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)