जरुरी जानकारी | ओएनडीसी को जवाबदेही के मुद्दों का निकालना होगा हलः उपभोक्ता मामलों के सचिव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने सोमवार को 'ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स' (ओएनडीसी) को जवाबदेही से संबंधित मुद्दों का समाधान करने के लिए कहा है।

नयी दिल्ली, 11 दिसंबर उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने सोमवार को 'ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स' (ओएनडीसी) को जवाबदेही से संबंधित मुद्दों का समाधान करने के लिए कहा है।

सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं को संतोषजनक सेवाएं प्रदान करने के लिए जवाबदेही से जुड़े बिंदुओं पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ओएनडीसी को उपभोक्ता को सही उत्पाद नहीं मिलने की स्थिति में जवाबदेही तय करने पर काम करना होगा।

ओएनडीसी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक पहल है। इसका मकसद छोटे खुदरा विक्रेताओं को डिजिटल कॉमर्स का फायदा उठाने में मदद करने के वास्ते एक सुविधाजनक मॉडल तैयार करना है।

सिंह ने ‘डेलॉयट ग्रोथ विद इम्पैक्ट गवर्नमेंट समिट’ में कहा, ‘‘अगर मैं अमेजन से किसी बैंक के ऐप के जरिए कहीं और स्थित विक्रेता से कुछ ऑर्डर करता हूं और मुझे गलत समान मिलता है, तो उसके लिए कौन उत्तरदायी है? तो यह दायित्व का मुद्दा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं (ओएनडीसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी) टी कोशी से कहता रहता हूं कि आपको जवाबदेही के मुद्दे को हल करना होगा अन्यथा यह काम नहीं करेगा।’’

ओएनडीसी का गठन 31 दिसंबर, 2021 को ‘सेक्शन-आठ’ कंपनी के रूप में किया गया था। ‘सेक्शन-आठ’ कंपनी एक गैर-लाभकारी संगठन होता है जिसका मकसद धर्मार्थ गतिविधियों, कला, विज्ञान, शिक्षा एवं खेल को बढ़ावा देना होता है।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसका हिस्सा है और कोई मामला अदालत तक पहुंचता है तो हर बार देनदारी सरकार पर ही आएगी। उन्होंने कहा, ‘‘ओएनडीसी जैसी चीज के विशाल व बड़ी होने के पहले ही दायित्व के मुद्दे पर ध्यान दिया जाना चाहिए।’’

इस मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर एक अधिकारी ने कहा कि ओएनडीसी उपभोक्ताओं को एक प्रणाली प्रदान करने के लिए काम कर रहा है ताकि शिकायत का निपटारा उचित ढंग से किया जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\