देश की खबरें | स्वतंत्रता दिवस पर गूगल ने पतंग उड़ाने की परंपरा से प्रेरित डूडल पेश किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सर्च इंजन गूगल ने सोमवार को भारत के 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पतंग उड़ाने की परंपरा से प्रेरित रंग-बिरंगा डूडल पेश किया।
नयी दिल्ली, 15 अगस्त सर्च इंजन गूगल ने सोमवार को भारत के 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पतंग उड़ाने की परंपरा से प्रेरित रंग-बिरंगा डूडल पेश किया।
यह आकर्षक डूडल गूगल आर्ट्स एंड कल्चर द्वारा हाल ही में शुरू की गई ‘इंडिया की उड़ान’ परियोजना के बाद पेश किया गया है, जो इन 75 वर्षों के दौरान भारत की उपलब्धियों का जश्न मनाता है और ‘देश की अटूट और अमर भावना पर आधारित है।’
डूडल केरल की कलाकार नीति ने तैयार किया है। इसमें एक महिला पतंग बनाते और कुछ लड़के पतंग उड़ाते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पीछे कुछ इमारतें और उगता सूरज दिखाई दे रहा है।
गूगल ने डूडल में जीआईएफ एनिमेशन शामिल किया है, जिससे तिरंगे की थीम पर आधारित पतंगें उड़ती नजर आ रही हैं और डूडल काफी जीवंत लग रहा है। इसमें एक लड़की दिल के चिह्न वाली पतंग थामे नजर आ रही है, जबकि एक लड़का उसके हाथों में मौजूद चरखी की डोर से उड़ती पतंग को देख रहा है, जिस पर ‘75’ अंक दर्ज है।
गूगल ने अपने आधिकारिक पेज पर कहा, “1947 में आज ही के दिन भारत आधिकारिक तौर पर एक लोकतांत्रिक देश बना था। वहां लगभग दो सौ साल के ब्रिटिश शासन का अंत हुआ था। आजादी के लिए लंबे संघर्ष के परिणामस्वरूप दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का जन्म हुआ। महात्मा गांधी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने सविनय अवज्ञा और अहिंसक विरोध के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया।”
वहीं, डूडल तैयार करने वाली कलाकार नीति ने कहा कि यह डूडल ‘पतंगों से जुड़ी संस्कृति को दर्शाता है, जिसमें रंग-बिरंगी और आकर्षक पतंगें बनाने के शिल्प से लेकर इसे उड़ाने के लिए समुदायों के एक साथ आने का सुखद अनुभव तक शामिल है।’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2022 11:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

